नई दिल्ली । भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह बता रहे हैं कि अंतरिक्ष में भोजन करना एक चुनौती है। वहां पर सब कुछ वेल्क्रो से चिपका हुआ होता है ताकि उड़ न सके। शुभांशु के इस वीडियो को काफी पसंद किया जा रहा है। यूपी के लखनऊ में रहने वाले शुभांशु शुक्ला इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन जाने वाले पहले भारतीय और अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं।
शुभांशु शुक्ला ने वीडिया शेयर कर लिखा- कभी सोचा नहीं था कि मुझे फिर से खाना सीखना पड़ेगा। मैं यहां बता रहा हूं कि अंतरिक्ष में खाना खाते समय आदतों का ध्यान रखना जरूरी है। अगर आप सावधान नहीं रहेंगे तो गंदगी हो सकती है। अंतरिक्ष में धीरे चलो, तेजी से पहुंचो। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में हर काम सावधानी पूर्वक करना होता है।
उन्होंने बताया कि भोजन पचाने के लिए गुरुत्वाकर्षण की जरूरत नहीं होती। पेरिस्टालसिस नामक एक प्रक्रिया से भोजन पचता है। यह प्रक्रिया गुरुत्वाकर्षण पर निर्भर नहीं करती। इसमें मांसपेशियों के संकुचन और विस्तार से भोजन पाचन तंत्र में आगे बढ़ता है। चाहे सिर ऊपर हो या नीचे, गुरुत्वाकर्षण हो या न हो, आपका शरीर भोजन पचाएगा। वीडियो में शुभांशु कॉफी पीते नजर आए हैं कि कैसे तरल पदार्थ हवा में तैरते हैं। एक जगह वे मजाक में कहते हैं, आप अंतरिक्ष में पानी खा सकते हैं।


