देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत देवघर पुलिस ने 27 सितंबर को सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी और पीएम किसान योजना के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ थाना क्षेत्र में कुछ लोग फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, गूगल पे और फोनपे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि तथा एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान पांच लोगों को पकड़ा गया। उनके मोबाइल फोन और सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता के संकेत मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सरफराज आलम, बरमसिया, सारठ; विजय कुमार दास, सिमरातरी, पाथरौल; शिवम कुमार दास, चरकमारा, सारठ; नितेश कुमार, दौंदिया, सोनारायठाड़ी और अभय कुमार दास, लेड़वा, पाथरौल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी कैशबैक का झांसा देकर फर्जी गूगल पे, फोनपे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेने की कोशिश करते थे। एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से कार्ड बंद करने और दोबारा चालू कराने के नाम पर भी ठगी की जाती थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और आठ सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सरफराज आलम देवघर साइबर थाना कांड संख्या 125/25 और दुमका के शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या 115/24 में भी आरोपित रहा है। छापामारी दल में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार, सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह और सारठ थाना की टीम शामिल थी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


