पिस्टल और पल्सर बाइक बरामद, एक आरोपी इलाजरत
देवघर। कुण्डा थाना क्षेत्र के कानीजोर स्थित बीएन झा कॉलेज के समीप हुए गोलीकांड का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी घायल अवस्था में इलाजरत है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक 9 एमएम पिस्टल और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, तीन जून की दोपहर कुण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम कानीजोर में बीएन झा कॉलेज के पास एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही कुण्डा थाना पुलिस सक्रिय हुई और पुलिस अवर निरीक्षक रेनसन बखला के लिखित आवेदन के आधार पर कुण्डा थाना कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में शामिल पांच आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक अवैध 9 एमएम पिस्टल तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों में खोरादाह निवासी गोविंद कुमार यादव, सुरज कुमार यादव उर्फ गोलू, संग्रामलोढ़िया निवासी सौरभ देव उर्फ छोटू, बरियारबांधी निवासी अक्षय कुमार वर्मा तथा सुभाष चौक निवासी आदित्य कुमार शामिल हैं। वहीं, बम्पास टाउन निवासी अभिषेक कुमार घायल होने के कारण इलाजरत बताया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। गोलीकांड के त्वरित खुलासे को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। इस कार्रवाई में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल के जवान तथा तकनीकी शाखा के कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


