कांवरिया पथ किनारे दुकान निर्माण के दौरान हुआ विवाद, पुलिस ने शुरू की जांच
देवघर। रिखिया थाना क्षेत्र के गौरीगंज गांव में बांस काटने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के घायल होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल युवक ने रिखिया थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी के अनुसार गौरीगंज निवासी सोनू कुमार ने बताया है कि 18 जुलाई को दिन करीब 12 बजे उसके पिता पप्पू दास कांवरिया पथ के किनारे दुकान निर्माण के लिए ईजमाल का बांस काट रहे थे। इसी दौरान गांव के राजेंद्र दास और उनका पुत्र कृष्ण कुमार वहां पहुंचे और बांस काटने का विरोध करते हुए गाली-गलौज करने लगे। शिकायत में कहा गया है कि विरोध करने पर दोनों ने पप्पू दास के साथ मारपीट शुरू कर दी। पिता का शोर सुनकर जब सोनू कुमार उन्हें बचाने पहुंचा, तब आरोप है कि राजेंद्र दास ने लोहे की धारदार कटारी से उस पर हमला कर दिया। कटारी उसके दाहिने हाथ में लगी, जिससे हाथ में गहरा जख्म हो गया और काफी खून बहने लगा।
दर्ज मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद आरोपी उसके पिता पर भी हमला करने दौड़ा, लेकिन वे वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। शिकायत में पारिवारिक जमीन और कांवरिया पथ से सटी दुकान के हिस्से को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का भी उल्लेख किया गया है। पीड़ित ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। रिखिया थाना पुलिस ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


