मुम्बई । भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी बल्लेबाज पूनम राउत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 37 वर्षीय पूनम पिछले दो साल से टी से बाहर थीं। बढ़ती उम्र और वापसी की संभवना नहीं होने से इस खिलाड़ी ने संन्यास लेना ही सही समझा। पूनम को अक्टूबर 2021 के बाद से कोई मौका नहीं मिला था, इस क्रिकेटर ने सोशल मीडिया पर अपने संन्यास के फैसले को सार्वजनिक किया।
गौरतलब है कि पूनम ने साल 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और तीनों प्रारूपों टेस्ट, एकदिवीसय और टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच अक्टूबर 2021 में खेला गया था, जिसके बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें अवसर नहीं दिया। घरेलू क्रिकेट में वह अपनी शानदार बल्लेबाजी के कारण मुंबई टीम में शामिल रही हैं।
पूनम ने साल 2017 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 381 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में उनकी 86 रनों की जुझारू पारी भारतीय टीम को जीत के करीब ले गई थी, हालांकि टीम खिताब से चूक गई थी। यह पारी उनके करियर की यादगार पारियों में से एक मानी जाती है।
अपने संन्यास की घोषणा करते हुए पूनम ने सोशल मीडिया पर लिखा, मुंबई की गलियों से भारतीय जर्सी पहनने तक का मेरा सफर किसी आशीर्वाद से कम नहीं रहा है। यह एक ऐसा सफर था जिसमें कई बलिदान, संघर्ष, अविस्मरणीय जीत और कड़े सबक शामिल रहे, ऐसे पल जिन्हें मैं जीवन भर संजोकर रखूंगी। उन्होंने आगे कहा, भारत का प्रतिनिधित्व करना सिर्फ एक सपना पूरा होने जैसा नहीं था, यह एक ऐसा सौभाग्य था जिसे मैंने बहुत गर्व के साथ निभाया। अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर के इस अध्याय को समाप्त करते हुए, मेरा दिल उन सभी के प्रति कृतज्ञता से भरा है जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया, मेरा साथ दिया और मेरी इस यात्रा का हिस्सा बने।
पूनम ने अपने एक दशक से भी लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में 4 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 7 पारियों में 264 रन बनाए। वहीं, 73 एकदिवसीय मैचों की 73 पारियों में 2299 रन बनाये। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की 31 पारियों में 719 रन बनाये हैं।


