संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा-मालदा रेल मंडल के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लावारिस बैग से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. बरामद शराब की कुल मात्रा 8.670 लीटर बताई गई है. जिसकी अनुमानित कीमत 7,840 आंकी गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थ, विदेशी शराब तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की अवैध ढुलाई पर रोक लगाने के उद्देश्य से आरपीएफ द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में बुधवार 24 जून 2026 को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार अपनी टीम तथा सीपीडीएस के जवानों के साथ स्टेशन परिसर में जांच एवं निगरानी ड्यूटी पर तैनात थे.जांच के दौरान ट्रेन संख्या 53433 अप अजीमगंज–बरहरवा पैसेंजर सुबह 11:42 बजे प्लेटफॉर्म संख्या- 03 पर पहुंची.
तलाशी अभियान के दौरान इंजन की ओर स्थित सामान्य कोच संख्या ईआर/102416 में सीट के नीचे एक काले रंग का प्यूमा पिट्ठू बैग संदिग्ध अवस्था में रखा मिला. कोच में मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की गई.लेकिन किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया. एक यात्री ने बताया कि बैग तिलडांगा स्टेशन से पहले ही कोच में रखा हुआ था.इसके बाद आरपीएफ टीम ने यात्रियों की मौजूदगी में बैग की जांच की. बैग खोलते ही उसमें विदेशी शराब मिली. संदेह के आधार पर बैग को प्लेटफॉर्म संख्या-03 स्थित फुट ओवर ब्रिज के समीप ले जाकर विस्तृत तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 30 बोतलें एवं पाउच बरामद किए गए.बरामद शराब में ओल्ड मोंक एक्सएक्सएक्स व्हिस्की की 4 बोतलें, बकार्डी लेमन रम की 1 बोतल, रॉयल स्टेज व्हिस्की की 1 बोतल, ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की के 19 पाउच तथा मैजिक मोमेंट ग्रेन वोडका की 4 बोतलें शामिल हैं. कुल मिलाकर 8.670 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई.आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने गवाहों की उपस्थिति में बरामद शराब को विधिवत जब्त कर लिया. इसके बाद जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया तथा मामले की सूचना उत्पाद विभाग साहिबगंज को दे दी गई.


