जयपुर । राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार देर रात खोह नागोरियान थाना इलाके में ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सुमित सेन (40), उसका बड़ा भाई गणेश सेन (44) और बेटी निशा सेन (15) शामिल हैं। रात करीब सवा ग्यारह बजे तीनों हरिद्वार मेल की चपेट में आ गए। तीनों ट्रेन की पटरी पर थे और आपस में खींचतान कर रहे थे। इस दौरान हरिद्वार मेल पहुंच गई। ट्रेन पायलट कुछ समझ पाता इससे पहले ही तीनों ट्रेन की चपेट में आ गए।

ट्रेन के पायलट ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तीनों शवों का पंचनामा बनाकर अस्पताल पहुंचाया। मृतक सुमित सेन मूलरूप से फागी का रहने वाला था। खोह नागोरियान स्थित जय अंबे नगर में किराए पर रहता था। उसके साथ उसका बड़ा भाई गणेश और बेटी निशा भी रहती थी। सुमित बाइक कैब चलाकर गुजारा कर रहा था जबकि उसका बड़ा भाई गणेश मजदूरी करता था। दोनों साथ ही रहते थे। रविवार रात को किसी बात को लेकर घरवालों से सुमित की बहस हो गई। इस दौरान वह नाराज होकर घर से निकल गया। बड़े भाई गणेश और बेटी निशा ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना।
घर से निकल कर सुमित सीधे सीबीआई फाटक के पास रेलवे पटरियों पर पहुंच गया। वहां पहुंचने के बाद उसने अपने रिश्तेदार सत्यनारायण को व्हाट्सएप से वीडियो कॉल किया। वीडियो कॉल में सत्यनारायण को पटरियां दिखाते हुए मरने की बात कही। सुमित ने यह नहीं बताया कि वह कहां है। इसके बाद सत्यनारायण ने सुमित के बेटी निशा को बताया कि सुमित रेलवे पटरियों पर बैठा है और मरने की बात कर रहा है। निशा अपने ताऊ को लेकर पिता की तलाश में निकली। जब वह सीबीआई फाटक के पास पहुंचे जहां सुमित ट्रैक पर बैठा था। बेटी निशा और बड़ा भाई गणेश सुमित को मनाने का प्रयास करते रहे। दोनों ने उसे घर चलने को कहा लेकिन सुमित चलने को तैयार नहीं था। इसी दौरान ट्रेन आ गई। सुमित पटरियों से हटने को तैयार नहीं था लेकिन निशा और गणेश उसे खींचने की कोशिश कर रहे थे। इतने में ट्रेन आ गई और तीनों उसकी चपेट में आ गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।





