-फिल्म उद्योग में शोक की लहर, शिवाजी: द बॉस का भी किया था निर्माण
चेन्नई। तमिल फिल्म जगत की नींव कहे जाने वाले मशहूर फिल्म निर्माता एवीएम सरवनन ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। गुरुवार सुबह निर्माता के निधन की पुष्टि हुई। बताया जा रहा है कि 86 साल के एवीएम सरवनन काफी समय से उम्र संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे और गुरुवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली । निर्माता का निधन तमिल फिल्म जगत की बड़ी क्षति है। फिल्म निर्माता एवीएम सरवनन के निधन के बाद भारतीय फिल्म उद्योग में शोक की लहर है और उन्हें चाहने वाले उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु के सीएम एम के स्टालिन ने निर्माता एवीएम सरवनन के निधन पर शोक जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा- तमिल फिल्म उद्योग की महानतम हस्तियों में से एक और ऐतिहासिक रूप से प्रसिद्ध एवीएम कंपनी के चेहरे एवीएम सरवनन के निधन का सुनकर गहरा दुख हुआ। प्रोडक्शन हाउस एवीएम ने तमिल सिनेमा को नया रूप और आकार दिया है। एवीएम ने तमिल फिल्म उद्योग में अहम भूमिका निभाई है।
सीएम ने इस बात का जिक्र किया कि निर्माता ने अपने पिता स्वर्गीय एवीएम का नाम भी रोशन किया, जिन्हें पूरी दुनिया अप्पाची या अविची मयप्पा चेट्टियार के नाम से पुकारती आई है। बता दें प्रोडक्शन हाउस एवीएम के तहत तमिल फिल्म ओरु रावू, पराशक्ति, शिवाजी: द बॉस, नानुम ओरु पेन, संसारम अधू मिनसारम, कुलदेवम जैसी हिट फिल्में बनी हैं, जिन्होंने तमिल उद्योग को उंचाइयों तक पहुंचाया। रजनीकांत की सुपरहिट फिल्म शिवाजी: द बॉस को भी इसी कंपनी के बैनर तले बनाया गया था।
प्रोडक्शन हाउस एवीएम पिछले पांच दशकों से फिल्म निर्माण कर रहा है, और प्रोडक्शन हाउस एवीएम की स्थापना एवीएम सरवनन के पिता एवी मयप्पन ने की थी। आज प्रोडक्शन हाउस ओटीटी फिल्में भी बनाता है। बता दें फिल्म निर्माता एवीएम सरवनन का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 3:30 बजे किया गया। अंतिम संस्कार से पहले एवीएम स्टूडियो में उनके अंतिम दर्शन को रखा गया था, जहां परिवार वाले और चाहने वाले उनके चाहने वाले उनके आखिरी दर्शन किए। अंतिम दर्शन में राजनेता से लेकर बॉलीवुड जगत की बड़ी हस्तियां पहुंची।
सिराज/ईएमएस 04दिसंबर25


