दुर्ग । बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में संदिग्ध के तौर पर छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हिरासत में लिए गए आकाश कनौजिया को सोशल वर्कर फैजान अंसारी ने 11 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी है, साथ ही उसकी शादी का पूरा खर्चा उठाने की जिम्मेदारी भी ली है। आकाश ने कहा कि मेरी शादी टूट गई और नौकरी से निकाल दिया। मुंबई पुलिस ने सिर्फ सॉरी बोलकर छोड़ दिया, लेकिन उनके सॉरी से मेरी जिंदगी खराब हो गई।
बता दें सैफ अली खान पर हमले की जांच मामले में पुलिस ने कई संदिग्ध को हिरासत में लिया था और कई लोगों से पूछताछ की थी, उनमें से आकाश कनौजिया भी ऐसे ही लोगों में था, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया था। आकाश कनौजिया ने कहा है कि भले ही पुलिस ने बाद में उसे छोड़ दिया लेकिन इसका उसके जीवन पर बुरा असर पड़ा, उनकी नौकरी चली गई और उसकी शादी भी टूट गई।
आकाश कनौजिया मुंबई के कोलाबा कफ परेड में झुग्गी बस्ती में रहता है। आकाश उस कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट पर ड्राइवर का काम करता था, जो रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवार को वाहन मुहैया कराती है। बता दें कि 19 जनवरी की सुबह मुंबई पुलिस ने पड़ोसी ठाणे से बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल इस्लाम शहजाद को गिरफ्तार किया था।






