संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से बुधवार को बरहरवा रेलवे स्टेशन पर एक संवेदनशील मामले का उद्भेदन हुआ. जहां फेसबुक के जरिए दोस्ती कर घर से निकले दो नाबालिग को समय रहते सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
जानकारी के अनुसार 18 मार्च 2026 को करीब 3:30 बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार अपनी टीम के साथ स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चला रहे थे. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 01 के वेटिंग हॉल में एक लड़का और एक लड़की संदिग्ध हालत में बैठे मिले.शुरुआती पूछताछ में दोनों ने खुद को भाई-बहन बताया. लेकिन जब उनसे उनके परिजनों से संपर्क कराने को कहा गया तो वे घबरा गए और सच्चाई उजागर हो गई.
जांच में पता चला कि दोनों नाबालिग हैं और फेसबुक के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में आए थे.लड़का साहिबगंज जिले के तालझारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है. जिसकी उम्र करीब 15 वर्ष बताई गई है. जबकि लड़की दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र की है. जिसकी उम्र लगभग 17 वर्ष है.दोनों घर से भागकर साथ रहने की योजना बना रहे थे और आगे कहीं जाने की तैयारी में थे.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने तत्काल चाइल्डलाइन से संपर्क किया. मौके पर पहुंची प्रतिनिधि आराधना मंडल ने दोनों बच्चों की काउंसलिंग की. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को बाल संरक्षण से जुड़ी संस्था को सुपुर्द कर दिया गया.


