रांची । रांची में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर एक और कारोबारी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला शुक्रवार को सामने आया है। इस संबंध में कारोबारी उमा शंकर सिंह ने जगन्नाथपुर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और अपने परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। कारोबारी ने अपने आवेदन में बताया है कि रात 12 बजे उनके मोबाइल नंबर पर दुबई के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरा मैसेज और आडियो प्राप्त हुआ।
संदेश में खुद को प्रिंस खान बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। साथ ही रकम नहीं देने पर उनकी पत्नी संध्या सिंह, दोनों बेटों बिट्ट और चिंटू और भतीजे टुकटुक की हत्या करने की धमकी दी गई। आवेदन के अनुसार, धमकी भरे व्हाट्सएप मैसेज और आडियो के स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


