◆प्रति खदान-क्रशर 50 हजार रुपये की थमाई जा रही प्रिंटेड रसीद
◆दहशत में हैं दुमका के पत्थर कारोबारी,पुलिस में की गई शिकायत
विशेष संवाददाता
दुमका। शिकारीपाड़ा पत्थर उद्योग क्षेत्र में डॉ. भीमराव आम्बेडकर जयंती समारोह के नाम पर कुछ लोग प्रति खदान-क्रशर 50 हजार रुपए रंगदारी वसूल रहे हैं। इसके लिए खदान संचालकों और स्टोन क्रशर प्रबंधकों को प्रिंटेड रशीद थमाई जा रही है।अब तक 100 से अधिक पत्थर कारोबारियों को 50-50 हजार रुपये की रशीद उपलब्ध करा दी गई है। बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह 14 अप्रैल को है।पत्थर कारोबारियों को जो रशीद थमाई गई है,उसमें प्राप्तकर्ता का हस्ताक्षर या तो नहीं है,या फिर अस्पष्ट है।यह भी उल्लेख नहीं है कि बाबा साहेब की जयंती समारोह कहां होगी और किस संगठन द्वारा मनाई जाएगी। प्रति खदान-क्रशर 50-50 हजार रुपये की उगाही मामले में रुपयेनहीं देने वाले क्रशर मालिकों को धमकी भी मिल रही है।इससे शिकारीपाड़ा के पत्थर कारोबारियों के बीच खलबली है।वे दहशत में हैं।कई पत्थर कारोबारियों ने इस मामले की शिकायत शिकारीपाड़ा के लोकल पुलिस से किया है।जिन लोगों द्वारा अंबेडकर जयंती के नाम पर रंगदारी वसूली जा रही है,उनकी पहचान भी पुलिस को बता दी गई है।इनमें कई अपराधिक चरित्र के लोग हैं जो पूर्व में पत्थर उद्योग क्षेत्र में रंगदारी वसूली को लेकर फायरिंग की घटना कर चुके हैं। पूर्व में रंगदारी नहीं देने पर एक पत्थर कारोबारी को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।शिकारीपाड़ा पुलिस को जानकारी दी गई है कि पूर्व में रंगदारी के लिए पत्थर कारोबारी पर गोली चलाने वाला अभियुक्त जमानत पर छूटने के बाद एक बार फिर पत्थर उद्योग क्षेत्र में अपनी गतिविधियां बढ़ा दिया है और अंबेडकर जयंती समारोह के नाम पर प्रति खदान-क्रशर 50 हजार रुपये की रंगदारी वसूली में शामिल है।पत्थर कारोबारियों की शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।पत्थर कारोबारियों को पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।


