दुमका । जिले में आज सोमवार को नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण तरीके से चल रही है। जारी आंकड़ों के अनुसार, जैसे-जैसे दिन चढ़ रहा है, मतदाताओं की कतारें लंबी होती जा रही हैं। दोपहर 1 बजे तक के रुझान बताते हैं कि बासुकीनाथ नगर पंचायत के मतदाता जागरूकता के मामले में दुमका नगर परिषद से काफी आगे निकल चुके हैं।
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक दुमका नगर परिषद (वर्ग ‘ख’) में 32.23% मतदान दर्ज किया गया है। वहीं, बासुकीनाथ नगर पंचायत में वोटरों का जोश देखते ही बन रहा है, जहाँ अब तक 48.29% मतदान हो चुका है।
इससे पहले सुबह की शुरुआत धीमी रही थी। सुबह 9 बजे दुमका में मात्र 9.20% और बासुकीनाथ में 14.50% वोट पड़े थे, जो सुबह 11 बजे तक बढ़कर क्रमशः 19.75% और 31.05% तक पहुँच गए। जिला प्रशासन और टीम पीआरडी दुमका लगातार शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बनाए हुए हैं।


