चित्तरंजन। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चित्तरंजन में बुधवार को विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को स्वयं मोटर वाहन चलाकर विद्यालय आने की अनुमति नहीं होगी। 1 अक्टूबर 2026 से मोटर वाहन अथवा ई-वाहन स्वयं चलाकर स्कूल आने पर पूरी तरह रोक लागू की जाएगी। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में छात्रों को सड़क पर सावधानी बरतने, यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। प्राचार्य ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित आवागमन के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित विद्यालय आवागमन का संकल्प लिया।


