रांची । रांची बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां 175 यात्रियों को लेकर पटना से रांची आया विमान लैडिंग से पहले पक्षी से टकरा गई। इसके बाद विमान को 40 मिनट तक हवा में रखा गया और पायलट ने सुरक्षित तरीके से इमरजेंसी लैडिंग कराई। विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।अधिकारियों ने बताया कि रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर दोपहर 1:14 बजे यह आपात लैडिंग हुई। 175 यात्रियों को लेकर आए विमान की इमरजेंसी लैडिंग हुई। गनीमत रही कि नुकसान सिर्फ विमान (एयरबस 320) को हुआ है। इसमें सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।एयरपोर्ट के डायरेक्टर आरआर मौर्य ने कहा, रांची के पास इंडिगो के एक विमान की पक्षी से टक्कर हो गई थी। जिस समय घटना हुई विमान 10-12 नॉटिकल माइल्स दूर, 3000-4000 फीट की ऊंचाई पर था।अधिकारी ने बताया कि विमान पटना से 175 यात्रियों को लेकर उड़ा था। लैडिंग से पहले करीब 4 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे एक गिद्ध ने विमान को टक्कर मारी। इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैडिंग हुई। एक अन्य सूत्र ने बताया कि बर्ड हिट के दौरान पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को 40 मिनट तक सुरक्षित उड़ान में रखा।एक अधिकारी ने बताया कि गिद्ध के टक्कर से विमान को डेंट लगा है। इंजीनियर्स विमान को हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।




