नई दिल्ली । प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस ओवरसीज प्रमुख सैम पित्रोदा के खिलाफ दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट (चार्जशीट) दर्ज की है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने चार्जशीट में सुमन दुबे और अन्य लोगों का नाम भी शामिल किया है। चार्जशीट पर संज्ञान लेने की सुनवाई 25 अप्रैल को तय की गई है। 12 अप्रैल 2025 को जांच के दौरान कर्क संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की गई। ईडी ने दिल्ली, लखनऊ और मुंबई में 661 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियों को कब्जे में लेने के लिए नोटिस जारी किया था। इससे पहले, मंगलवार को ही सांसद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा प्रवर्तन निदेशालय के ऑफिस पहुंचे। जहां उनसे गुरुग्राम के शिकोहपुर लैंड घोटाले में पूछताछ हुई है। इस तरह सरकार ने गांधी परिवार पर शिकंजा कस दिया है। ईडी द्वारा राहुल, सोनिया गांधी और अन्य के खिलाफ पीएमएलए की धारा 44 और 45 के तहत शिकायत दर्ज की गई है, जिसमें आरोप लगाया है कि आरोपी व्यक्तियों ने धारा 3 के तहत मनी लॉन्ड्रिंग का अपराध किया है। ईडी को निर्देश दिया कि शिकायत और संबंधित कागजों की साफ-सुथरी कॉपी और ओसीआर (रीडेबल) कॉपी अगली सुनवाई से पहले अदालत में दाखिल करें। फिलहाल ये मामला दिल्ली स्थित राऊज एवेन्यू कोर्ट के एसीजेएम-03 अदालत में ट्रायल के तहत है। मामले की सुनवाई इस अदालत में इसलिए की जा रही है क्योंकि जब कोई मामला मनी लॉन्ड्रिंग और अपराध से जुड़ा होता है तो दोनों मामलों की सुनवाई एक ही अदालत में होनी चाहिए। चूंकि प्रस्तावित आरोपी राज्यसभा और लोकसभा के वर्तमान सांसद हैं, इसलिए यह मामला इस अदालत में सौंपा गया है। अब मामले की सुनवाई 25 अप्रैल को तय की गई है। इस दिन सरकारी वकील और जांच अधिकारी को केस डायरी के साथ अदालत में उपस्थित होना होगा। कांग्रेस ने दिए ये तर्क कांग्रेस का तर्क है कि साल 1937 में स्थापित नेशनल हेराल्ड अखबार चलाने वाली कंपनी, एसोशिएटेड जर्नल्स लिमिटेड को लगभग 10 साल के लिए और करीब 100 किस्तों में चेक से अपनी देनदारी के भुगतान के लिए 90 करोड़ की राशि दी गई थी। इसमें से 67 करोड़ की राशि का इस्तेमाल नेशनल हेराल्ड ने अपने कर्मचारियों के भुगतान के लिए किया और बाकी पैसा बिजली बिल, किराया, भवन आदि पर खर्च किया गया। किसी राजनीतिक दल की ओर से कर्ज देना अपराध नहीं है और न ही इसे गैरकानूनी माना जाता है। कांग्रेस का दूसरा तर्कयह है कि नेशनल हेराल्ड अखबार आय के अभाव में यह कर्ज चुकाने में सक्षम नहीं था, इसके एवज में एजेएल के शेयर यंग इंडियन को दिए गए, जो कि कानून में एक नॉट फॉर प्रॉफिट कंपनी है। यंग इंडियन की मैनेजिंग कमेटी के सदस्य, सोनिया गांधी, राहुल गांधी हैं, जो किसी तरह का मुनाफा, डिवीडेंड, सैलरी या कोई वित्तीय फायदा नहीं ले सकते। यही नहीं, मैनेजिंग कमेटी यंग इंडियन के शेयर को भी नहीं बेच सकती। इसका मतलब, यंग इंडियन से एक पैसे का न वित्तीय लाभ लिया जा सकता और न ही इसके शेयर्स को बेचा जा सकता है। यह पीएम मोदी के बदले की राजनीति: कांग्रेस कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि ये प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से की गई बदले की राजनीति है। जयराम रमेश ने लिखा कि नेशनल हेराल्ड की संपत्ति जब्त करना कानून के शासन का मुखौटा पहने हुए राज्य प्रायोजित अपराध है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करना प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से बदले की राजनीति और धमकी के अलावा कुछ नहीं है। हालांकि, कांग्रेस और उसका नेतृत्व चुप नहीं रहेगा। ये कार्रवाई राजनैतिक मंशा से हो रही: वाड्रा वहीं प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को हरियाणा भूमि सौदे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कारोबारी और वायनाड से कांग्रेस प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा से पूछताछ की। हालांकि, वाड्रा ने एजेंसी के समन राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान पहले भी ईडी के साथ घंटों बिताए हैं, हजारों पेज साझा किए हैं, लेकिन फिर भी एजेंसी उनके खिलाफ मामले उठा रही है। मैं न ही किसी दबाव में आने वाला हूं और न ही किसी से डरने वाला हूं। वाड्रा ने कहा कि ये कार्रवाई राजनैतिक मंशा से हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि जब भी मैं लोगों की आवाज बुलंद करूंगा, या राजनीति में आने की कोशिश करूंगा, ये लोग मुझे दबाएंगे और एजेंसियों का दुरुपयोग करेंगे। मैं हमेशा सभी सवालों के जवाब देता हूं और देता रहूंगा।






