मुंबई । पायधुनी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के चौंकाने वाले संकेतों ने इस मामले को और भी गंभीर बना दिया है। डॉक्टरों के अनुसार, इन सभी की मौत का मुख्य कारण किडनी फेल होना पाया गया है। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय अब्दुल्ला दोकाडिया, उनकी पत्नी 35 वर्षीय नसरीन दोकाडिया, और उनकी दो बेटियों आयशा (16) व जैनब (13) के रूप में हुई है। एक ही परिवार के चार लोगों की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में हड़कंप और मातम पसरा हुआ है।
पुलिस जांच और पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अप्रैल की रात की है। रात करीब 10:30 बजे दोकाडिया परिवार के नौ सदस्यों ने एक साथ मिलकर बिरयानी खाई थी। खाना खाने के बाद सभी रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन घर पर मौजूद इन चारों सदस्यों ने देर रात करीब 1:30 बजे तरबूज भी खाया। अगली सुबह करीब 5:30 बजे अचानक इन चारों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें तेज उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। हालत गंभीर होते देख उन्हें तुरंत जेजे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान एक-एक कर चारों ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, सबसे पहले छोटी बेटी जैनब की मौत सुबह 10:15 बजे हुई, जिसके बाद रात तक पिता, माता और बड़ी बेटी की भी जान चली गई। शुरुआती पोस्टमॉर्टम जांच में यह बात सामने आई है कि भीषण फूड पॉइजनिंग के कारण इन सभी की किडनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जो अंततः मौत का कारण बनी। चिकित्सा विशेषज्ञों के लिए भी यह गुत्थी बनी हुई है कि आखिर किस खाद्य पदार्थ में इतना घातक जहर था जिसने सीधे किडनी पर हमला किया।
पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। बिरयानी और तरबूज के नमूनों के साथ-साथ सभी शवों के विसरा को सुरक्षित रखकर फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह पूरी तरह साफ हो पाएगा कि मौत बिरयानी की वजह से हुई या देर रात खाए गए तरबूज के कारण। फिलहाल, इस घटना ने लोगों के बीच खान-पान की आदतों और खाद्य सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


