पूर्वी सिंहभूम । सिदगोड़ा स्थित एल फोर एरिया दुर्गा पूजा और काली पूजा सार्वजनिक कमेटी के पूजा पंडाल का गुरुवार की रात विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन, एसडीओ अर्णव मिश्रा, टाटा स्टील के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदरम और झारखंड इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय सहित कई लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में मां दुर्गा की आराधना के साथ समाज में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया। टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदरम ने दुर्गोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां दुर्गा की पूजा श्रद्धा और भक्ति के साथ-साथ पूरी सुरक्षा के बीच होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि पूजा के दौरान भीड़भाड़ को देखते हुए वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में 356 पूजा पंडालों के माध्यम से दुर्गोत्सव मनाया जा रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। पूजा कमेटी के चेयरमैन संजय श्रीवास्तव ने कहा कि मां दुर्गा शक्ति, साहस और सद्बुद्धि की प्रतीक हैं। उनकी सच्ची आराधना तभी सार्थक होगी, जब लोग अपने विचारों और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाएंगे। आयोजन में पूजा कमेटी के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, महासचिव सुनील श्रीवास्तव, शारदानंद शर्मा और संरक्षक सुनील सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।


