दुमका। जिले के गोपीकांदर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिस घटना को लोग एक दर्दनाक हादसा मान रहे थे, वह असल में एक सुनियोजित हत्या निकली। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है क्योंकि कातिल कोई और नहीं, बल्कि मासूम की जन्मदात्री उसकी अपनी ही मां निकली। बीते 21 जून को गोपीकांदर थाना क्षेत्र के धबोरना प्रधान टोला में 5 वर्षीय अमन किस्कू का शव एक कुएं से बरामद हुआ था। शुरुआत में इसे खेलते समय कुएं में डूबने से हुई मौत का मामला माना जा रहा था। मृतक के नाना सुरेश टुडू की सूचना पर पुलिस ने शव को कुएं से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए दुमका के फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। इस पूरी घटना में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस के हाथ लगी। रिपोर्ट में स्पष्ट हो गया कि बच्चे की मौत पानी में डूबने से नहीं, बल्कि बेरहमी से गला दबाने के कारण हुई है।
हत्या का सच सामने आने के बाद पुलिस ने नए सिरे से जांच तेज कर दी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी 22 वर्षीय डोली टुडू अपने पति निकोलस किस्कू के साथ नहीं रहना चाहती थी और शादी के बाद से ही अपने मायके धोबरना गांव में रह रही थी। इसी बात को लेकर घटना वाली रात पति-पत्नी के बीच फोन पर तीखी बहस हुई थी। बात इतनी बिगड़ गई कि गुस्से में डोली ने पति को बच्चे की हत्या करने की धमकी दे डाली। इसके बाद उसी रात उसने अपने ही जिगर के टुकड़े की जान ले ली। पुलिस का शक जब परिजनों पर गहराया, तो मृतक की मां डोली टुडू से कड़ाई से पूछताछ की गई। पुलिस के सवालों के आगे वह ज्यादा देर टिक नहीं सकी और उसने अपना खौफनाक जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने खुद अपने बेटे अमन का गला घोंटा और फिर हत्या को हादसे का रूप देने के लिए रात के अंधेरे में शव को कुएं में फेंक दिया था। जुर्म कुबूल करने के बाद थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत और उनकी टीम ने शनिवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। कागजी कार्रवाई और मेडिकल जांच के बाद उसे दुमका के केंद्रीय कारागार भेज दिया गया है।


