दुमका। एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज का एक छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। लापता छात्र की पहचान आर्यन भगत के रूप में हुई है, जो बीटेक (सीएस) प्रथम वर्ष का छात्र है। वह मूल रूप से गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र के डोमडीहा गांव का रहने वाला है और यहां एसपी कॉलेज के सामने मनोज दत्ता के मकान में किराये पर रहता था।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के पिता राजेश कुमार उत्पल, जो पेशे से शिक्षक हैं, ने दुमका नगर थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, आर्यन की रविवार सुबह 9:05 बजे अपनी मां से आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद शाम करीब 9:15 बजे जब परिजनों ने उसे फोन किया, तो कोई संपर्क नहीं हो सका।
मकान मालिक से पूछताछ करने पर पता चला कि आर्यन को रविवार शाम करीब 4:00 बजे कहीं जाते हुए देखा गया था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो कमरे की जांच की गई। कमरे के बाहर सिटकनी लगी हुई थी और खोलने पर आर्यन का मोबाइल फोन वहीं चार्जिंग पर लगा हुआ पाया गया।
परिजनों ने बताया कि आर्यन का रंग गोरा है, लंबाई 5 फीट 10 इंच है और गायब होने के समय उसने काले रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, छात्र का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


