◆51.93 किमी सड़क का होगा पुनर्निर्माण,10 मीटर चौड़ी हो जाएगी सड़क
सुमन सिंह
दुमका । काफी दिनों से बदहाल पड़ी दुमका-अमड़ापाड़ा सड़क के अच्छे दिन अब आने वाले हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में गोविंदपुर-सहिबगंज के बीच जर्जर हो चुके इस 52 किमी हिस्से के कायाकल्प करने का निर्णय लिया गया।कैबिनेट ने पथ प्रमंडल, दुमका अंतर्गत गोविंदपुर-साहेबगंज एडीबी पथ (SH-18) के कि.मी. 139.00 से 190.930 तक कुल 51.930 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य के लिए 221 करोड़ 40 लाख 21 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई थी। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी सतह और खराब स्थिति के कारण सफर कठिन और जोखिम भरा हो गया था। खासकर बरसात के मौसम में दुमका से पाकुड या साहिबगंज जाने के दौरान अमड़ापाड़ा तक की यात्रा लोगों के लिए चुनौती बन जाती थी।
कैबिनेट से स्वीकृत इस योजना के तहत सड़क को टू-लेन विथ पेव्ड शोल्डर मानक के अनुरूप विकसित किया जाएगा। वर्तमान में करीब 7 मीटर चौड़ी सड़क को बढ़ाकर 10 मीटर किया जाएगा। परियोजना में सड़क चौड़ीकरण के साथ मजबूतीकरण, पुनर्निर्माण तथा यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य भी शामिल है।
इस परियोजना के पूरा होने से दुमका और अमड़ापाड़ा के बीच आवागमन में बेहतर बदलाव आने की उम्मीद है। यात्रा समय कम होगा, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और परिवहन अधिक सुगम हो सकेगा।इसका सीधा लाभ आम लोगों, व्यवसायियों और कोयला की ढुलाई में लगे मालवाहक वाहनों को मिलेगा।सड़क निर्माण के जानकारों का मानना है कि दुमका-अमड़ापाड़ा के बीच जर्जर सड़क के बन जाने से न सिर्फ आवागमन बेहतर हो जाएगा बल्कि संताल परगना की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
हेमंत सोरेन सरकार की कैबिनेट के इस फैसले को दुमका और संताल परगना के विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद मिली इस स्वीकृति ने क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों को नई उड़ान दी है।
————————————————————————————————————————–
जल्द ही निकलेगा टेंडर : ईई
दुमका । पीडब्ल्यूडी के दुमका कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता आशीष सिन्हा ने बताया कि कैबिनेट से प्रोजेक्ट की मंजूरी मिल जाने से गोविंदपुर-साहिबगंज सड़क पर दुमका में रेलवे साइडिंग की ओर मुड़ने वाले स्थान से लेकर अमड़ापाड़ा तक सड़क के पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।जल्द ही इसका टेंडर निकाला जाएगा।कार्यपालक अभियंता श्री सिन्हा ने बताया कि शीघ्र ही दुमका की कुछ सड़कों के निर्माण कार्य के प्रस्ताव पर सरकार की मंजूरी मिलने की उम्मीद है।


