– मची अफरातफरी, आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतरे
– बीसीसीएल प्रबंधन पर जताई नाराजगी
धनबाद। बीसीसीएल एरिया 3 के कतरास छाताबाद भंडारीडीह फुटबॉल ग्राउंड में मंगलवार सुबह भू – धंसान की घटना से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सुबह आठ बजे के करीब बजे यह हादसा हुआ। जोरदार आवाज के साथ हुए भीषण भू – धंसान से पूरा इलाका दहल उठा। भू – धंसान के कारण फुटबॉल ग्राउंड के पास स्थित बड़े तालाब का एक हिस्सा देखते ही देखते पाताल लोक में समा गया और तालाब का लाखों लीटर पानी पल भर में भूमिगत हो गया। इस तबाही की जद में कई घर जमींदोज हो गए, जबकि दर्जनों मकानों में दरारें आ गई हैं। लोग घरों से निकल आए।
इस अचानक हुई घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया।
भू-धंसान की चपेट में आने से जुबेर अंसारी, सदाम अंसारी, डब्लू अंसारी और जियाउल अंसारी समेत कई परिवारों के घर पूरी तरह तबाह हो गए। कुछ लोग तो समय रहते अपने घरों से जरूरी सामान निकाल कर भागने में सफल रहे, लेकिन कई परिवारों का सामान मलबे और दरारों के बीच फंस गया। बाद में मौके पर पहुंची धनसार से बीसीसीएल की रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों के सामान को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। घटना इतना जबरदस्त था कि फुटबॉल ग्राउंड के बगल वाले तालाब का पूरा पानी भू धंसान से बने गहरे खाई के रास्ते पाताल लोक में समा गया, जिसे देखकर स्थानीय लोग सहम गए। घटना की जानकारी मिलते ही कतरास सर्किल इंस्पेक्टर, कतरास थाना प्रभारी, अंगारपथरा ओपी प्रभारी और तेतुलमारी थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने आनन-फानन में डेंजर जोन की घेराबंदी (बैरीकेडिंग) कर दी है और लोगों को अविलंब सुरक्षित स्थानों पर जाने की हिदायत दी है।
इस हादसे के बाद बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और पार्षदों के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने कतरास-भट्टमुड़ना मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने बीसीसीएल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रभावित परिवारों को तुरंत उचित मुआवजा, बेघर हुए लोगों के लिए तत्काल सुरक्षित पुनर्वास
देने का मांग किया।
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों का साफ कहना है कि इस पूरे इलाके में लंबे समय से बीसीसीएल की नाक के नीचे अवैध खनन का खेल चल रहा है। खोखली हो चुकी जमीन के कारण पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी लापरवाही का नतीजा आज भंडारीडीह के निर्दोष परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। सड़क जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शनकारियों ने रोड को जाम रखा।


