संताल एक्सप्रेस
पाकुड़। हिरणपुर थाना क्षेत्र के घाघरजनी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंद पड़े मकान में संचालित अवैध नशा कारोबार का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1.6 किलोग्राम गांजा, 25 ग्राम ब्राउन शुगर समेत नशा कारोबार में प्रयुक्त कई सामान बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।एसडीपीओ गौरव कुमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि हिरणपुर थाना क्षेत्र के एक बंद पड़े घर में अवैध मादक पदार्थों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए उनके नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कृष्ण कुमार साहा (33 वर्ष) एवं सूरज कुमार दुबे (20 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद बंद पड़े मकान की तलाशी लेने पर सिल्वर प्लास्टिक में लिपटा 25 ग्राम ब्राउन शुगर, पीले थैले में रखा 1.6 किलोग्राम गांजा, चार इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, एक चिलम, नशीले पदार्थों की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले लगभग 1000 प्लास्टिक पैकेट तथा WB 24 AH,3880 नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने इस संबंध में हिरणपुर थाना कांड संख्या 40/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार दुबे के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ हिरणपुर थाना कांड संख्या 09/25 तथा पाकुड़िया थाना कांड संख्या 51/24 और 50/24 में मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक धाराएं शामिल हैं।पुलिस अब इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।छापेमारी दल में हिरणपुर थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार दास, जैना बालमुचु, सहायक अवर निरीक्षक सूरजमाल पासवान, हरिवंश साव, रामरतन साहा सहित आरक्षी अनिल कुमार साह, लक्ष्मी प्रसाद पासवान एवं अभिनय कुमार रजक शामिल थे।


