●विशेष गहन पुनरीक्षण(SIR) 2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित
विशेष संवाददाता
दुमका । विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत 05 अगस्त, 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है तथा इसी के साथ 05 अगस्त से 04 सितंबर, 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अवधि प्रारंभ हो गई है।उपायुक्त ने बताया कि इस अवधि में पात्र मतदाता अपना नाम जोड़ने, संशोधित कराने अथवा किसी भी प्रकार की आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।यह जानकारी देते हुए दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बताया कि दुमका जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—07-शिकारीपाड़ा, 10-दुमका, 11-जामा एवं 12-जरमुंडी—में कुल 1,117 बीएलओ के माध्यम से 9,88,228 मतदाताओं के विरुद्ध 9,88,228 (100 प्रतिशत) गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) का वितरण किया गया। सभी गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूर्ण कर लिया गया है।
दुमका
जिले की चार विधानसभा सीटों में कुल 1,42,053 मतदाताओं (14.37%) की प्रविष्टियों में विसंगतियां (Anomalies) चिन्हित की गई हैं। आयोग के EciNet टूल के माध्यम से यह पहचान की गई है। जारी आंकड़ों के अनुसार शिकारीपाड़ा विधानसभा में सबसे अधिक 41,549 (17.78%), दुमका में 38,264 (14.92%), जामा में 30,043 (13.24%) तथा जरमुंडी में 32,197 (11.87%) मतदाताओं की प्रविष्टियों में विसंगतियां पाई गई हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 9,88,228 मतदाता हैं। जिन मतदाताओं की प्रविष्टियों में विसंगति पाई गई है, उन्हें बीएलओ द्वारा EciNet से जनरेट नोटिस की तामिला कराई जाएगी। इसके बाद संबंधित ईआरओ/एईआरओ सुनवाई कर नियमानुसार निर्णय लेंगे। यदि किसी मतदाता का दावा या आपत्ति निरस्त होती है, तो वह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अथवा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील कर सकेगा।


