देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पहले दिन श्रद्धालुओं को अध्यात्म और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार शाम शिवलोक परिसर में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
शाम करीब साढ़े सात बजे जैसे ही सैकड़ों ड्रोन एक साथ आसमान में उड़े, पूरी बाबा नगरी हर-हर महादेव के जयघोष और तालियों की गूंज से भर उठी। करीब 20 से 25 मिनट तक चले इस शो में रंग-बिरंगी रोशनी से सजे ड्रोन ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर की महिमा, उससे जुड़ी पौराणिक कथाएं, श्रावणी मेले की प्राचीन परंपरा और द्वादश ज्योतिर्लिंग के महत्व को आकर्षक आकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। श्रद्धालुओं ने इस अनूठे दृश्य का भरपूर आनंद लिया।
पांच किलोमीटर तक दिखाई दिया आकर्षक नजारा
ड्रोन शो का नजारा बाबा बैद्यनाथ मंदिर की परिधि से लगभग पांच किलोमीटर तक स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस डिजिटल प्रस्तुति को देखा और जिला प्रशासन की इस नई पहल की सराहना की। आसमान में उभरती धार्मिक और सांस्कृतिक आकृतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
श्रद्धालुओं को यादगार अनुभव देने की पहल
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला 2026 को अधिक भव्य, दिव्य और यादगार बनाने के लिए कई नए प्रयोग किए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम जलार्पण की सुविधा देने के साथ-साथ ऐसा आध्यात्मिक अनुभव उपलब्ध कराना है, जिसे वे लंबे समय तक याद रखें। उन्होंने कहा कि ड्रोन शो इसी प्रयास का हिस्सा है और इससे मेले की भव्यता में नया आयाम जुड़ा है। ड्रोन शो के दौरान उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हेडक्वार्टर डीएसपी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।


