मेयर के लिए गुलाबी और वार्ड पार्षद के लिए सफेद रंग का होगा बैलेट पेपर
रांची: आगामी नगर निकाय चुनाव में इस बार मतदाता एक ही बैलेट बॉक्स में मेयर और वार्ड पार्षद दोनों के लिए वोट डालेंगे। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने दो अलग-अलग रंगों के बैलेट पेपर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। मेयर के लिए गुलाबी रंग, जबकि वार्ड पार्षद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर इस्तेमाल होगा। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा एक ही बैलेट बॉक्स में मेयर और पार्षद पद के लिए वोट डालने के निर्णय से कॉउंटिंग प्रक्रिया लंबी होने की संभावना बढ़ गई है। मतगणना के दौरान सभी बैलेट बॉक्स खोले जाएंगे और दोनों पदों के बैलेट पेपर अलग-अलग छांटे जाएंगे। दो अलग-अलग रंग के बैलेट पेपर होने से छंटाई में सुविधा तो मिलेगी, लेकिन पूरी प्रक्रिया में स्वाभाविक रूप से समय अधिक लगेगा। ऐसे में चुनाव परिणाम आने में देर होना तय माना जा रहा है। सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि हर मतदान केन्द्र पर पर्याप्त बैलेट बॉक्स उपलब्ध रहेंगे, जिनकी रंगाई और मरम्मत का काम जिला स्तर पर पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि एक ही बॉक्स में दोनों वोट डालने की व्यवस्था से काउंटिंग में समय अधिक लग सकता है, लेकिन दो रंगों के बैलेट पेपर होने से छंटाई अपेक्षाकृत आसान रहेगी।
16 जनवरी को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से 16 जनवरी को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। आयोग सभी आरओ और एआरओ को मतदान, मतपंजीयन और बैलेट प्रक्रिया से जुड़ी दिशा-निर्देशों की ट्रेनिंग देगा। आयोग के अनुसार सभी जिलों को 50-50 चुनाव चिन्ह जारी कर दिए गए हैं, जो नामांकन के बाद प्रत्याशियों को आवंटित किए जाएंगे। राज्य में 48 नगर निकायों में मेयर/अध्यक्ष एवं पार्षद पदों का आरक्षण तय कर लिया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा होने के बाद महीने के अंत तक चुनाव की अधिसूचना जारी होने की संभावना है।


