मुंबई, । मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो यात्रियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने इनके पास से करीब 5.7 करोड़ रुपये मूल्य के हीरे बरामद किए हैं, जिन्हें बेहद चौंकाने वाले तरीके से शरीर के अंदर छिपाकर बैंकॉक ले जाया जा रहा था। डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, दोनों यात्री मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक जाने की तैयारी में थे। जांच के दौरान अधिकारियों को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्हें रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों यात्रियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने शरीर के अंदर दो कैप्सूल छिपा रखे हैं। बाद में मेडिकल प्रक्रिया के जरिए उन कैप्सूलों को बाहर निकाला गया। जांच में उन कैप्सूलों से कुल 1,624 कैरेट के हीरे बरामद हुए। इनमें प्राकृतिक (नेचुरल) और लैब में तैयार किए गए (लैब-ग्रोउन) दोनों प्रकार के हीरे शामिल हैं। डीआरआई के मुताबिक, बरामद हीरों की कुल कीमत लगभग 5.7 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने हीरों को सीमा शुल्क अधिनियम के तहत जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों को शक है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय किसी बड़े तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग गिरोह से जुड़ा हो सकता है। डीआरआई अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


