धनबाद । सांसद ढुल्लू महतो ने एक बार फिर निरसा विधायक अरूप चटर्जी के खिलाफ मोर्चा खोला। सांसद ने विधायक पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने निरसा विधायक को भगोड़ा प्रिंस खान का सबसे बड़ा संरक्षक बताया।
धनबाद परिसदन में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद ने कहा कि विधायक ने कोयलांचल के ईमानदार नेता एके राय का नामोनिशान मिटा दिया। उन्होंने अरूप चटर्जी को दो-दो हत्याओं का आरोपित बताते हुए कहा कि वे सुशांतो सेनगुप्ता की हत्या और राजीव मिश्रा को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोपित हैं। सांसद ने कहा कि उनके ऊपर दर्ज सभी मामले साजिश के तहत दर्ज कराए गए हैं और यदि उन पर लगाया गया एक भी आरोप साबित हो जाए तो वे सरकार से इच्छा मृत्यु मांग लेंगे। सांसद ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया कि मासस नेता मोइज़ खान प्रिंस खान का सबसे बड़ा शूटर है।
उन्होंने कहा कि इसी वर्ष 25 मई को पुलिस ने तालडांगा स्थित मोइज़ खान के घर से प्रिंस खान के मुख्य शूटर रिजवान सिद्दीकी को गिरफ्तार किया था। सांसद के अनुसार रिजवान की गिरफ्तारी के बाद से मोइज़ खान फरार है और मोइज़, रिजवान और प्रिंस खान के मुख्य संरक्षक विधायक अरूप चटर्जी हैं। सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा कि विधायक बताएं कि मोइज़ खान कहां है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक इनके माध्यम से फोन कराकर उन्हें फंसाने का काम कर रहे हैं और इसकी जांच कराई जानी चाहिए। सांसद ने कहा कि वे गलत लोगों के सामने न पहले झुके हैं और न आगे झुकेंगे। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि निरसा में उनकी ओर से स्वीकृत एलिवेटेड सडक को विधायक ने रंगदारी के लिए रोक दिया और छह करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।


