संताल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची/धनबाद । झारखंड के नगर निकाय चुनाव को लेकर कोयलांचल की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। मेयर पद के लिए बीजेपी समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल और पूर्व विधायक संजीव सिंह के नामांकन के साथ चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। दोनों दिग्गज नेताओं के मैदान में उतरते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और शहर में चुनावी माहौल चरम पर पहुंच गया है। पूर्व विधायक संजीव सिंह सबसे पहले अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ और उत्साह देखने को मिला। करीब दो घंटे बाद बीजेपी समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल भी समाहरणालय पहुंचे और नामांकन पत्र जमा किया। उनके समर्थन में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी शक्ति प्रदर्शन किया। नामांकन के बाद संजीव सिंह ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से कोयलांचल की जनता की सेवा करता रहा है और वे जनता के हित में चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने धनबाद के समग्र विकास को अपनी प्राथमिकता बताया। पार्टी से अलग चुनाव लडऩे के सवाल पर उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, इसलिए कोई भी प्रत्याशी चुनाव लड़ सकता है। वहीं, सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि बीजेपी ने संजीव अग्रवाल को मेयर प्रत्याशी के रूप में समर्थन दिया है और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी दावा किया कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल ही जीत दर्ज करेंगे। अनुशासन पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का सख्त रुख प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भले ही निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा हो, लेकिन पार्टी अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं करेगी। नामांकन वापसी के बाद ऐसे नेताओं पर पार्टी स्तर पर विचार किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक पूर्व विधायक संजीव सिंह के अलावा बीजेपी नेता मुकेश पांडेय और भृगुनाथ भगत ने भी मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया है।


