धनबाद। बरवाअड्डा थाना के मिश्रीडीह मोड़ में सोमवार की रात भीषण डकैती हुई। डकैतों नेआर्मी से रिटायर हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर को निशाना बनाया। छत के सहारे घर में घुस कर बच्चों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और डकैती को अंजाम दिया। डकैतों ने ये घंटे से भी ज्यादा समय तक उद्यम मचाया। हर कमरे की तलाशी ली। साढ़े तीन लाख रुपए नकद और 20 लाख रूपये से भी अधिक के जेवरात डकैत ले भागे।
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि करीब दस की संख्या में पहुंचे नकाबपोश अपराधी देर रात घर के पिछले हिस्से से बांस की सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर अंदर दाखिल हुए। घर में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर सबसे पहले बच्चों को बंधक बना लिया। बच्चों के सहम जाने से घर के अन्य सदस्य भी डर गए और विरोध करने की स्थिति में नहीं रहे।
इसके बाद डकैतों ने पूरे घर की तलाशी ली और एक-एक कमरे को खंगाल डाला। अपराधियों ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लगभग बीस लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर ली। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
गृहस्वामी कैलाश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वे रात में खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। उन्हें आशंका है कि बदमाशों ने कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिसके कारण इतनी बड़ी घटना के बावजूद उनकी नींद नहीं खुली।
घटना के बाद रात करीब 2 बजे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस सुबह साढ़े चार बजे मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


