देवघर। जिले के पाथरोल थाना क्षेत्र में उधार के पैसे मांगने पर एक होम्योपैथिक डॉक्टर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने डॉक्टर के साथ पहले गाली-गलौज और मारपीट की, फिर चाकू से उनकी गर्दन पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी करीब चार लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घायल डॉक्टर का इलाज फिलहाल एम्स देवघर में चल रहा है। पीड़ित डॉक्टर द्वारा पाथरोल थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, उन्होंने आरोपियों से अपने उधार के पैसे की मांग की थी। इसी बात को लेकर दोनों आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सनोज पासी ने जान से मारने की नीयत से चाकू से उनकी गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान डॉक्टर की चीख-पुकार सुनकर उनके साले विकास प्रमाणिक और क्लीनिक का एक स्टाफ मौके पर पहुंचे। दोनों ने किसी तरह बीच-बचाव कर डॉक्टर की जान बचाई।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल डॉक्टर को तत्काल मधुपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स देवघर रेफर कर दिया। डॉक्टर ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि दोनों आरोपी पहले भी कई बार उनकी दुकान पर आकर ग्राहकों के सामने गाली-गलौज और हंगामा कर चुके थे, जिससे उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था। इधर, पाथरोल थाना पुलिस ने पीड़ित का आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्य के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


