हेटमझियाडी गांव में वारदात, आरोपी ने खुद चौकीदार को दी सूचना; पुलिस ने हिरासत में लिया
देवघर। सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के हेटमझियाडी गांव में बुधवार को आपसी विवाद में कुल्हाड़ी से वार कर युवक की हत्या कर दी गयी। मृतक की पहचान मुन्ना मिर्धा के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी सोम सोरेन खुद चौकीदार के पास पहुंचा और वारदात की जानकारी दी। इसके बाद चौकीदार ने उसे पकड़कर सोनारायठाढ़ी थाना पहुंचाया। मृतक के चचेरे भाई आशीष मिर्धा के अनुसार, मुन्ना मिर्धा अक्सर सोम सोरेन के घर शराब लेने जाता था। बुधवार को भी वह सोम सोरेन के घर गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सोम सोरेन ने कुल्हाड़ी से मुन्ना के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मुन्ना की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर सोनारायठाढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। शव को सदर अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद की वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटायी जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।


