देवघर। देवघर-दुमका मुख्य मार्ग पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया के पास गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया, जबकि दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतकों की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के सुथानिया गांव निवासी 25 वर्षीय प्रदीप कुमार बाउरी और लटियातरी निवासी 22 वर्षीय बबलू कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक पल्सर बाइक से अपने घर से मोहनपुर बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डुमरिया के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मोहनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां भी पलभर में छीन लीं। मृतक बबलू कुमार सिंह का हाल ही में तिलक समारोह संपन्न हुआ था और आगामी 6 जुलाई को उसकी शादी होने वाली थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। वहीं प्रदीप कुमार बाउरी अपने पीछे एक छोटे बच्चे को छोड़ गए हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस फरार पिकअप वैन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जता रहे हैं।


