देवघर। रिखिया थाना क्षेत्र के महेशमारा तालाब के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान दो युवकों को ब्राउन शुगर की 38 पुड़िया के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि महेशमारा तालाब के निकट एक निर्माणाधीन मकान में नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर छापेमारी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लकड़ीगंज निवासी चिंटू पासी (19 वर्ष) और बंधा दुर्गा मंदिर के पास निवासी कृष्णा कुमार उर्फ बिट्टू (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रिखिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से 7.31 ग्राम ब्राउन शुगर की कुल 38 पुड़िया और दो आईफोन मोबाइल बरामद किए। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों नशीले पदार्थ की आपूर्ति किससे करते थे और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस छापेमारी अभियान में सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मो. शकील अहमद, अजय कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक धीरेंद्र कुमार मिश्रा, बेंजा उरांव, लक्ष्मण तुरी, आरक्षी संजय कुमार मंडल तथा रिखिया थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


