पलामू । पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लुंबा सतबहिनी के सैकडीहा के लापता युवक 27 वर्षीय सचिन कुमार साहू का शव 24 घंटे बाद बरामद किया गया। उसका शव घर से एक किलोमीटर दूर कोयल नदी में दफनाया गया था। मजिस्ट्रेट सह सीओ वासुदेव राम की मौजूदगी में साढे तीन फीट बालू हटाकर शव निकाला गया। मौके पर थाना प्रभारी संतोष गिरी एवं रेहला के इंस्पेक्टर भी मौजूद थे। जिले के एसपी कपिल चौधरी ने रात 8 बजे घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गयी है। जल्द स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
जानकारी के अनुसार सचिन कुमार साहू मंगलवार शाम से लापता था। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। रात 10 बजे बाद से उसका मोबाइल बंद बता रहा था। बुधवार दोपहर 2 बजे उसके लापता होने के संबंध में थाना में सूचना दी गयी थी। शाम 6 बजे परिजन जब घर से एक किलोमीटर दूर कोयल नदी में ढूंढते हुए पहुंचे तो उन्हें बालू की ताजा भरावट नजर आयी। कुछ बालू हटाने पर सचिन का गमछा मिला। उसके फुआ के पुत्र ने सचिन के गमछा की पहचान की। बाद में करीब साढे तीन फीट तक खोदने पर सचिन का शव भी बरामद हुआ। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में हत्या की पूरी संभावना लगती है।
सचिन तीन दिन पहले ही बाहर से मजदूरी कर घर लौटा था। उसके पिता भी बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। दो भाई में सबसे बड़ा था। शादी नहीं हुई थी। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामला पूरी तरह स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा।


