गोड्डा-गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र के छगराहा गांव में सोमवार को 23 वर्षीय एक महिला का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ अपने ही घर में मिला है। सूचना मिलने पर मेहरमा और बलबड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतिका की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के एकचारी निवाशी गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है। उनके मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतिका की मां यशोदा देवी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी में तीन लाख रुपये दिए थे। यशोदा देवी के अनुसार, गुड़िया के पति रंजीत दास ने 50 हजार रुपये और गहनों की मांग की थी। यह मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष द्वारा गुड़िया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मां ने आरोप लगाया कि इसी कारण उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। वहीं, मृतिका के पति रंजीत दास ने बताया कि सोमवार सुबह गुड़िया कुमारी के साथ उनका मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद वह काम करने के लिए बलबड्डा चले गए थे। जब वह वापस लौटे, तो उन्होंने अपनी पत्नी का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ देखा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेज दिया है। मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर ने बताया कि महिला का शव फंदे से लटकता हुआ मिला है, परिजनों ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


