अर्घा व्यवस्था शुरू, सेवा भाव से श्रद्धालुओं की सहायता करने का अधिकारियों को दिया निर्देश
देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पहले दिन गुरुवार सुबह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर एवं मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुगम जलार्पण, सुरक्षा व्यवस्था और विधि व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में बाबा मंदिर में अर्घा व्यवस्था शुरू की गई। इसके बाद कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुगमतापूर्वक बाबा भोलेनाथ का जलार्पण किया। प्रशासन ने पहले ही दिन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की थी। उपायुक्त ने बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर, गर्भगृह, निकास द्वार और अन्य संवेदनशील स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग की। उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को सेवा भाव से कार्य करने और सभी कांवरियों व श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवघर से अच्छा अनुभव लेकर लौटें, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।


