● तुंबावेल में 35 और बड़ा डुमरिया में 14 घर क्षतिग्रस्त, कई लोग घायल
● मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता, चार लाख रुपये मुआवजे की प्रक्रिया शुरू
● प्रशासन ने गांवों में पहुंचाई राहत किट, क्षति का आकलन जारी
ब्यूरो
दुमका। अर्नब चक्रवात ने मसलिया प्रखंड के दो गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया है। तेज हवाओं के कारण बड़ा डुमरिया और तुंबावेल में करीब 49 घर प्रभावित हुए हैं। चक्रवात की चपेट में आने से बड़ा डुमरिया में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तुंबावेल में कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं सहायता कार्य शुरू कर दिया है। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। उपायुक्त के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर राहत कार्यों की शुरुआत की। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, तुंबावेल में करीब 35 और बड़ा डुमरिया में 14 घर आंशिक या पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। नुकसान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अंचल निरीक्षक को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है।
—————-
मौत के बाद पीड़ित परिवार को सहायता
बड़ा डुमरिया में चक्रवात के कारण एक व्यक्ति की मौत के बाद अंचल अधिकारी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। आपदा राहत के तहत परिवार को चार लाख रुपये का मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। प्रशासन ने नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की है।
—————-
घायलों को अस्पताल पहुंचाया, बांटी राहत किट
तुंबावेल में कई लोगों के घायल होने की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर उपचार कराया गया। वहीं, प्रभावित परिवारों के बीच राहत किट बांटी गई। इसमें राशन और दैनिक उपयोग की जरूरी सामग्री शामिल है, ताकि संकट के बीच परिवारों को तत्काल मदद मिल सके।
—————-
नुकसान का आकलन अब भी जारी
चक्रवात से प्रभावित दोनों गांवों में क्षति का आकलन और राहत वितरण का काम जारी है। प्रखंड एवं अंचल प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है। अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि भी राहत कार्यों के दौरान मौजूद रहे। अब क्षतिग्रस्त घरों की वास्तविक संख्या और नुकसान का आकलन पूरा कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन के सामने प्राथमिकता है।


