फर्जी कस्टमर केयर बनकर ऑनलाइन ठगी, 11 मोबाइल और 13 सिम कार्ड जब्त
देवघर। जिले में साइबर अपराध पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पाथरौल थाना क्षेत्र के दासडीह स्थित जंगल से छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक के निर्देशन में 30 जनवरी को की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दासडीह के जंगल इलाके में कुछ युवक फर्जी तरीके से ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर छापामारी कर पुलिस ने छह संदिग्धों को पकड़ा। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को फ्लिपकार्ट, अमेजन, फोनपे कस्टमर केयर, एयरटेल पेमेंट बैंक के पदाधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, एसबीआई क्रेडिट कार्ड और लोन दिलाने के नाम पर भी ठगी की जा रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर कस्टमर केयर का रूप धारण करते थे। कैशबैक का लालच देकर फोनपे या पेटीएम गिफ्ट कार्ड बनवाया जाता और फिर उसे रिडीम कर राशि हड़प ली जाती थी। वहीं एयरटेल पेमेंट बैंक से जुड़े मामलों में कार्ड बंद होने का डर दिखाकर दोबारा चालू कराने के नाम पर ठगी की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों में घुटियाबाड़ा असहना निवासी झुलन कुमार दास और शिवम राय, बुढ़ीकुरा निवासी संतोष कुमार यादव और जन्मजय दास, गौनेया निवासी मौसम कुमार दास तथा दुधानी निवासी अनिल मंडल शामिल हैं। सभी आरोपी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। छापामारी के दौरान आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड और 5 प्रतिबिंब सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में साइबर थाना और पाथरौल थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल थी।
पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें और सतर्क रहें।


