रांची । कैंसर का इलाज करा रहे चतरा के सिमरिया निवासी एक व्यक्ति के खाते से साइबर अपराधियों ने करीब 4.93 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली। बताया गया है कि एक से आठ अक्टूबर के बीच उनके खाते से अलग-अलग तरीके से रकम निकाली गई। उस समय उनका इलाज रांची के सुकरहूट स्थित कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में चल रहा था। मामले की जानकारी परिजनों को नौ अक्टूबर को उस समय हुई, जब अस्पताल का बिल जमा करने के दौरान खाते से हुई निकासी का पता चला।
इसके बाद मरीज की बेटी नरगिस परवीन ने साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी बीच इलाज करा रहे मरीज का 12 अक्टूबर को निधन हो गया। पुलिस अब साइबर अपराधियों तक पहुंचने के लिए खाते से हुई लेन-देन की जानकारी और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रकम किस तरीके से और किन खातों में ट्रांसफर की गयी।


