नई दिल्ली । गर्मी के मौसम में ककडी न केवल शरीर को ठंडक प्रदान करती है, बल्कि कई स्वास्थ्य लाभ भी देती है। ककड़ी में 95 प्रतिशत से अधिक पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी इसके नियमित सेवन की सलाह देते हैं, ताकि शरीर को अंदर से ठंडक मिले और गर्मी से जुड़ी समस्याओं से बचाव हो सके। ककड़ी शरीर में पानी की कमी को दूर करने में अहम भूमिका निभाती है। गर्मियों में अत्यधिक पसीना आने से शरीर में डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है, जिसे ककड़ी के सेवन से काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसमें मौजूद पानी, इलेक्ट्रोलाइट्स और आवश्यक खनिज शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं और पूरे दिन सक्रिय बनाए रखते हैं। यह शरीर के तापमान को संतुलित रखने में भी मदद करती है, जिससे लू लगने का खतरा कम हो जाता है। ककड़ी को सलाद, रायता या जूस के रूप में आसानी से आहार में शामिल किया जा सकता है। वजन घटाने के इच्छुक लोगों के लिए भी ककड़ी एक बेहतर विकल्प है। इसमें कैलोरी बहुत कम होती है और फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जो लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराती है और अनावश्यक भोजन की इच्छा को कम करती है।
इसके अलावा, ककड़ी पाचन तंत्र को सुधारने में भी सहायक है। इसमें मौजूद फाइबर कब्ज की समस्या को दूर करता है और गैस व ब्लोटिंग जैसी परेशानियों से राहत दिलाता है। नियमित सेवन से पाचन प्रणाली बेहतर बनी रहती है। त्वचा के लिए भी ककड़ी काफी फायदेमंद मानी जाती है। इसमें मौजूद पानी और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को नमी प्रदान करते हैं और सूजन को कम करने में मदद करते हैं। गर्मियों में चेहरे पर ककड़ी के टुकड़े लगाने से ठंडक मिलती है और सनबर्न से राहत मिलती है। यह त्वचा को साफ, ताजा और चमकदार बनाए रखने में सहायक होती है। इसके अतिरिक्त, ककड़ी का सेवन रक्तचाप को नियंत्रित रखने, हड्डियों को मजबूत करने, आंखों की थकान कम करने और प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने में भी मदद करता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, इसे रोजाना आहार में शामिल करना लाभकारी होता है। ककड़ी का जूस, सलाद में टमाटर, प्याज और नींबू के साथ सेवन या दही के साथ रायता बनाकर खाना अच्छा विकल्प है। इसे सैंडविच या रोल्स में भी उपयोग किया जा सकता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि गर्मियों में प्रतिदिन कम से कम एक ककड़ी का सेवन अवश्य करना चाहिए। इसे अच्छी तरह धोकर, छीलकर या बिना छीले भी खाया जा सकता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


