टूट की अटकलों के चलते आलाकमान ने सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया
पटना । बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार के बाद कांग्रेस अब एक और बड़े सियासी संकट से जूझ रही है। विधानसभा में पार्टी के महज 6 विधायक बचे हैं, लेकिन संकेत हैं कि इनमें से सभी विधायक नेतृत्व से नाराज हैं और पार्टी छोड़ सकते हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान ने सभी 6 विधायकों को 23 जनवरी को दिल्ली बुलाया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन विधायकों के साथ कांग्रेस मुख्यालय में बैठक करेंगे। इस बैठक में बिहार कांग्रेस के सांसदों और विधान परिषद सदस्यों को भी शामिल होने के लिए कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक बिहार कांग्रेस नेतृत्व पहले ही इन विधायकों से संवाद की कोशिश कर चुका था। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कई बार बैठकों के लिए बुलाया, लेकिन विधायक शामिल नहीं हुए। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व को सीधे हस्तक्षेप करना पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सत्तारूढ़ एनडीए ने कांग्रेस की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। एनडीए नेताओं का दावा है कि कांग्रेस के सभी 6 विधायक उनके संपर्क में हैं और वे जेडीयू या बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। इन्हीं अटकलों के बीच कांग्रेस ने दिल्ली में बैठक बुलाई है, ताकि संभावित टूट को रोका जा सके। जानकारी के मुताबिक खड़गे और राहुल गांधी विधायकों से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी नाराज़गी के कारण जानने की कोशिश करेंगे। पार्टी संगठन में उनकी भूमिका बढ़ाने और उन्हें जिम्मेदारी देने पर भी चर्चा हो सकती है। बैठक का एजेंडा बिहार में संगठन को मज़बूत करना और आने वाली राजनीतिक रणनीति तय करना है।


