गोपीकंदर। कानून की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे फरार आरोपियों के खिलाफ गोपीकांदर थाना पुलिस ने अपना शिकंजा पूरी तरह कस दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गोपीकांदर थाना कांड संख्या 22/2024 के मुख्य आरोपी बबलू हांसदा के पैतृक आवास पर अदालत के आदेशानुसार इश्तिहार तामिला की प्रक्रिया पूरी की। फरार आरोपी मूल रूप से गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र स्थित जिकुड़ी मनचलाडी का रहने वाला है, जिसके पिता का नाम रतीलाल हांसदा है।

—-
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गांव पहुंची पुलिस, ग्रामीणों के सामने दी सख्त हिदायत
गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित कुमार के नेतृत्व में गठित एक विशेष पुलिस टीम आरोपी के गिरिडीह स्थित पैतृक आवास पर पहुंची। वहां पुलिस ने पूरी कानूनी और विधि-सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में आरोपी के घर की दीवार पर इश्तिहार चस्पा किया। इस दौरान पुलिस ने गांव में बकायदा मुनादी कराकर फरार आरोपी को तय समय सीमा के भीतर अदालत या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने की कड़ी हिदायत दी।
—
हाजिर नहीं होने पर कुड़की की तैयारी, पुलिस ने दी अंतिम चेतावनी
पुलिस प्रशासन की ओर से साफ कहा गया है कि आरोपी बबलू हांसदा लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा है। न्यायालय के आदेश पर की गई इस इश्तिहार चस्पा की कार्रवाई के बाद भी अगर वह निर्धारित समय के अंदर हाजिर नहीं होता है, तो पुलिस तुरंत अगली कानूनी प्रक्रिया के तहत उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर देगी। थाना प्रभारी सुमित कुमार ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अपराधियों व फरार आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



