रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव प्रक्रिया की दिशा तय करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग आठ जनवरी को एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित करने जा रहा है। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी, जिसमें राज्य के सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के अलावा नगर विकास सचिव, गृह सचिव, डीजीपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। समीक्षा बैठक में नगर निकाय चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, अर्धसैनिक बलों की तैनाती, मतदान केंद्रों की स्थिति और चुनाव संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि चुनाव की घोषणा से पूर्व कई चरणों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की जाती है। इसी क्रम में आठ जनवरी को पहली समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है।
जनवरी के तीसरे या चौथे सप्ताह में चुनाव की घोषणा संभव
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार नगर निकाय चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जिला स्तर की समीक्षा के बाद जनवरी के तीसरे या चौथे सप्ताह में चुनाव की घोषणा की जा सकती है। आयोग ने झारखंड हाईकोर्ट में दाखिल शपथपत्र में स्पष्ट किया है कि विस्तृत तैयारियों के लिए आठ सप्ताह और संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया के लिए अतिरिक्त 45 दिनों की आवश्यकता होगी। यह शपथपत्र 22 नवंबर को सीलबंद लिफाफे में दाखिल किया गया था। मामले की अगली सुनवाई 30 मार्च को निर्धारित है, ऐसे में आयोग की कोशिश है कि इससे पहले नगर निकाय चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाए।
इन शहरी निकाय क्षेत्रों में होगा चुनाव
नगर निगम: रांची, हजारीबाग, मेदनीनगर, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर और मानगो।
नगर परिषद: गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो और मिहिजाम।
नगर पंचायत: बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महगामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला और चाकुलिया।


