पटना । बिहार की राजधानी पटना में खान ग्लोबल इंस्टीच्यूट में हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना में एक नया मोड़ आ गया है। घटना के बाद सामने आए वीडियो में कथित तौर पर खान सर के अंगरक्षकों को हवाई फायरिंग करते देखा गया, इसके बाद पटना पुलिस ने दो अंगरक्षकों को हिरासत में ले लिया है। इस नए घटनाक्रम से पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है और खान सर की मुश्किलें भी बढ़ती दिख रही हैं।
यह चौंकाने वाला वीडियो 2 जून की रात का है, यानी उसी दिन का जब खान सर के कोचिंग संस्थान पर हमला हुआ था। वीडियो में दो व्यक्ति बंदूक में गोलियां लोड करते और फिर खुलेआम फायरिंग करते हुए दिख रहे हैं। इन व्यक्तियों की पहचान खान सर के निजी सुरक्षाकर्मियों के रूप में की गई है। यह वीडियो ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर द्वारा जारी किया गया था, और इसकी प्रामाणिकता की जांच के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस इसकी गहनता से पड़ताल कर रही है कि फायरिंग किस उद्देश्य से की गई थी और क्या यह आत्मरक्षा में थी या किसी और मकसद से।
यह वीडियो पूरे मामले में एक बड़ा ट्विस्ट लेकर आया है, खासकर खान सर के पहले के बयानों को देखकर ये सचमुच मामले में नया मोड़ है। घटना के शुरुआती घंटों में, खान सर ने दावा किया था कि उन्होंने खुद मौके पर 10 राउंड फायरिंग होते देखी थी। हालांकि, अगले ही दिन उन्होंने अपने बयान से पलटकर कहा था कि माहौल ऐसा था कि वह ठीक से समझ नहीं पाए और उनके गार्ड द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर ही उन्होंने फायरिंग की बात कही थी। उस समय पटना पुलिस ने भी अपनी शुरुआती जांच में फायरिंग की घटना से इंकार किया था। अब यह नया वीडियो खान सर के बाद के बयान और पुलिस के शुरुआती दावों के विपरीत एक ठोस सबूत पेश कर रहा है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस अब सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या घटना में और भी लोग शामिल थे और फायरिंग का असली मकसद क्या था।


