रांची । झारखंड में दो सीटों पर होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गयी है।इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू, तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने शनिवार को भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने एक बार फिर झारखंड से दूसरी सीट के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में इंडिया गठबंधन के अन्य घटक दलों राजद और वाम दलों से बातचीत कर आगे का निर्णय लेने की बात कही है।
इस बैठक के बाद शनिवार शाम को ही प्रभारी के राजू दिल्ली और तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क हैदराबाद के लिए रवाना हो गये। इससे पूर्व कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू ने पार्टी द्वारा गठित इलेक्शन मैनेजमेंट कमेटी के साथ बैठक की।इस दौरान राज्य में होने वाले आगामी पंचायत चुनावों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।प्रभारी ने कमेटी के सभी सदस्यों को अभी से ही पंचायत चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट जाने का निर्देश दिया। कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ा जाये।इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कमेटी के सदस्य बन्ना गुप्ता, रवींद्र सिंह, भीम कुमार, जलेश्वर महतो, रमा खलखो, सुनील सहाय और प्रदेश उपाध्यक्ष अभिलाष साहू मौजूद थे।


