नई दिल्ली । आयुर्वेद में लौंग को अनेक बीमारियों के उपचार के लिए उपयोगी बताया गया है। यह एक प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर मसाला है, जो कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में सहायक होता है। भारतीय रसोई में मसालों का विशेष महत्व है और इन्हीं में से एक है लौंग, जो अपने अद्भुत स्वाद और सुगंध के लिए जानी जाती है। न केवल यह भोजन का स्वाद बढ़ाती है, बल्कि इसके औषधीय गुण भी इसे खास बनाते हैं। लौंग का नियमित सेवन पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। यह गैस, अपच और पेट दर्द जैसी समस्याओं में राहत दिलाने में सहायक होती है। इसमें मौजूद यूजेनॉल नामक तत्व पेट की बीमारियों को दूर करने में कारगर होता है। दांतों के दर्द से राहत पाने के लिए भी लौंग का उपयोग किया जाता है। इसके तेल का उपयोग करने से मसूड़ों की सूजन कम होती है और दांतों में होने वाले संक्रमण से बचाव होता है।
यही कारण है कि कई टूथपेस्ट और माउथवॉश में लौंग का प्रयोग किया जाता है। सर्दी-जुकाम से राहत पाने के लिए लौंग को गर्म पानी में उबालकर उसका सेवन करना फायदेमंद होता है। इसका काढ़ा गले की खराश, कफ और साइनस की समस्या को कम करने में मदद करता है। सर्दियों में इसका सेवन शरीर को गर्म रखता है और प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। यह रक्त संचार को बेहतर बनाकर हृदय स्वास्थ्य को मजबूत करने में भी मदद करती है। लौंग के सेवन से मधुमेह को नियंत्रित करने में भी सहायता मिलती है।
कई शोधों में पाया गया है कि लौंग इंसुलिन संवेदनशीलता को बढ़ाने में मदद करती है, जिससे ब्लड शुगर का स्तर संतुलित रहता है। यह लिवर को भी स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होती है और शरीर से विषाक्त पदार्थों को निकालने में मदद करती है। हालांकि, इसके अत्यधिक सेवन से नुकसान भी हो सकता है। लौंग एक साधारण मसाला होते हुए भी अनेक औषधीय गुणों से भरपूर है। इसे संतुलित मात्रा में उपयोग करके इसके लाभ प्राप्त किए जा सकते हैं, जिससे स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना संभव है। लौंग का अधिक मात्रा में सेवन करने से पेट में जलन या एसिडिटी की समस्या हो सकती है। गर्भवती महिलाओं और रक्त पतला करने वाली दवाओं का सेवन करने वालों को इसका प्रयोग चिकित्सकीय सलाह के बिना नहीं करना चाहिए।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


