रांची । झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) कार्यालय में मंगलवार को सीआईडी और रांची पुलिस की टीम ने अचानक छापेमारी की। पुलिस ने पूरे जेपीएससी कार्यालय को घेर लिया और परिसर के अंदर कार्रवाई की जा रही है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जेपीएससी कार्यालय में कथित गड़बडिय़ों और अनियमितताओं की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। जांच टीम कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को खंगाल रही है। जेपीएससी की असिस्टेंट एग्जामिनेशन कंट्रोलर श्वेता गुप्ता सहित अन्य लोगों से सीआईडी पूछताछ कर रही है।
एडीजी मनोज कौशिक ने बताया कि सरकार के निर्देश पर अनियमितताओं की शिकायत के आधार पर छापेमारी की गयी है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, दूसरी ओर झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) कार्यालय में छापेमारी के बाद सीआईडी और रांची पुलिस की कार्रवाई परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी तक पहुंच गई है। सीआईडी की टीम ने जेपीएससी की परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान एजेंसी से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही जांच टीम ने एजेंसी के कार्यालय को सील कर दिया है। छापेमारी के दौरान टीम ने पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डायरी सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कागजात बरामद किए हैं। बरामद सामान को जांच टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सीआईडी की कार्रवाई के बाद जेपीएससी के चेयरमैन एल. खियांग्ते ने मंगलवार की रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जिससे राज्य के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। 27 फरवरी 2025 को झारखंड लोक सेवा आयोग का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। फिलहाल, इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। पुष्टि होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


