आकाश से देखा बाबाधाम और देवघर का मनोरम नजारा
देवघर। राजकीय श्रावणी मेले के दौरान देवघर में चल रही विशेष हेलीकॉप्टर सेवा का आनंद गुरुवार को सरस कुंज के 25 विशेष बच्चों ने उठाया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की पहल पर बच्चों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बारी-बारी से हेलीकॉप्टर से मुफ्त हवाई यात्रा कराई गई।
उड़ान भरते ही चेहरे पर आई खुशी
हेलीकॉप्टर के उड़ान भरते ही बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे। आसमान से देवघर और बाबाधाम की खूबसूरती को देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। बच्चों ने हवाई सफर का जमकर आनंद लिया और इसे अपने जीवन का यादगार पल बताया। उपायुक्त की पहल का उद्देश्य श्रावणी मेले के दौरान आम लोगों के लिए उपलब्ध विशेष हवाई सेवा का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना था। इसी सोच के तहत सरस कुंज के विशेष बच्चों को भी हवाई यात्रा का अवसर दिया गया। बच्चों और सरस कुंज के संचालकों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया।
धार्मिक पर्यटन के साथ सुलभता पर जोर
झारखंड सरकार और नागर विमानन के सहयोग से राजकीय श्रावणी मेले के दौरान देवघर में विशेष हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक हवाई दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ देवघर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। जिला प्रशासन की इस पहल से पर्यटन के साथ सामाजिक समावेशन को भी बढ़ावा मिला है। विशेष बच्चों को हवाई यात्रा का अवसर देकर उनके चेहरे पर खुशी लाने की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अंचलाधिकारी देवघर अनिल कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत संबंधित दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सरस कुंज के बच्चे मौजूद थे।


