हैदराबाद । तेलंगाना में एक महिला ने अपने प्रेमी के लिए अपने तीन बच्चों को दही चावल में जहर मिलाकर खिला दिया और किसी को शक न हो इसलिए खुद भी थोड़ा सा जहर खा लिया। बाद में बच्चों के साथ उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर उसकी जान तो बच गई लेकिन तीन बच्चे मौत की आगोश में सो गए।
पुलिस के मुताबिक संगारेड्डी में पिछले महीने हुई इस घटना की जांच चल रही थी। आरोपी महिला रजिता एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी, जिस रात रजिता ने अपने तीनों बच्चों को जहर खिलाए उस रात उसका पति घर पर नहीं था। तीनों बच्चों और मां पर जहर का असर देख पुलिस का शक पति पर गया। क्योंकि परिवार में वही अकेला बचा था लेकिन पूछताछ के दौरान पुलिस को उससे ज्यादा कोई जानकारी नहीं लगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रजिता ने तीनों बच्चों की हत्या की योजना बड़ी ही चालाकी और समझदारी से बनाई। पुलिस ने बताया कि स्कूल रियूनियन के दौरान रजिता अपने एक पूर्व क्लासमेट से मिली..जहां से दोनों की मुलाकात और बातचीत शुरू हो गई और फिर धीरे-धीरे अफेयर हो गया। रजिता अपनी शादी से खुश नहीं थी और वह अपने प्रेमी के साथ एक नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी लेकिन उसके बच्चे इसमें सबसे बड़ी समस्या थे..उसे लग रहा था कि बच्चों के साथ वह घर छोड़कर नहीं जा सकती है।
इसलिए उसने प्लान बनाया और दही चावल में जहर मिलाकर बच्चों को खिला दिया। बच्चों ने इसे खा लिया जिसके बाद उनमें गंभीर बीमारी के लक्षण दिखने लगे। अगली सुबह जब रजिता का पति चेन्नया अपनी नाइट शिफ्ट खत्म करके वापस घर आया तब तक रजिता और और बच्चे बेहोश हो चुके थे। वह उन्हें उठाकर अस्पताल ले गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी तीनों बच्चे मौत के आगोश में सो गए थे। महिला को डॉक्टरों ने इजाल कर बचा लिया। पुलिस ने जब महिला से पूछताछ की तो उसने सारा राज उगल दिया और पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है।






